Skip to content

₹399 में सारी test series — 180 दिन

Exam

UPPCS PRE 2026

इसे ये भी कहते हैं: पीसीएस प्री · उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग · UPPCS Prelims

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की संयुक्त राज्य / प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा — जिसे सब PCS कहते हैं — राज्य की सबसे बड़ी प्रतियोगी परीक्षा है। SDM, डिप्टी एसपी, BDO जैसे पद इसी से भरे जाते हैं। इस पन्ने पर प्रारंभिक परीक्षा की पूरी जानकारी है।

PCS 2026 की स्थिति

  • अधिसूचना — 25 जून 2026
  • पद — लगभग 500 (संख्या बढ़ सकती है)
  • आवेदन — 25 जून से 3 अगस्त 2026 तक (बढ़ाई गई तिथि), अब बंद
  • प्रारंभिक परीक्षा — 6 दिसम्बर 2026, रविवार
  • मुख्य परीक्षा — तिथि अभी घोषित नहीं

पदों की सटीक संख्या और बाक़ी शर्तें आयोग के विज्ञापन से ही पक्की करें — uppsc.up.nic.in

प्रारंभिक परीक्षा का प्रारूप

दोनों प्रश्नपत्र एक ही दिन, OMR शीट पर।

प्रश्नपत्र 1 — सामान्य अध्ययन

  • 150 प्रश्न, 200 अंक, 2 घंटे
  • यही मुख्य परीक्षा के लिए छँटनी करता है

प्रश्नपत्र 2 — सामान्य अध्ययन (CSAT)

  • 100 प्रश्न, 200 अंक, 2 घंटे
  • सिर्फ़ अर्हक — न्यूनतम 33% लाना ज़रूरी है
  • इसके अंक मेरिट में नहीं जुड़ते

दोनों में ग़लत उत्तर पर उस प्रश्न के अंकों का एक-तिहाई कटता है। न भरे गए प्रश्न पर कुछ नहीं कटता। एक से ज़्यादा विकल्प भरना ग़लत माना जाता है।

दोनों प्रश्नपत्रों में बैठना अनिवार्य है। और ये याद रखिए — प्रारंभिक के अंक अंतिम चयन में कहीं नहीं जुड़ते, वो सिर्फ़ दरवाज़ा खोलते हैं।

प्रश्नपत्र 1 का सिलेबस

  • राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय महत्व की समसामयिक घटनाएँ
  • भारत का इतिहास और भारतीय राष्ट्रीय आंदोलन
  • भारत एवं विश्व का भूगोल — प्राकृतिक, सामाजिक और आर्थिक
  • भारतीय राजव्यवस्था और शासन — संविधान, राजनीतिक व्यवस्था, पंचायती राज, लोक नीति, अधिकार सम्बन्धी मुद्दे
  • आर्थिक और सामाजिक विकास — सतत विकास, ग़रीबी, समावेशन, जनसांख्यिकी, सामाजिक क्षेत्र की पहल
  • पर्यावरण, पारिस्थितिकी, जैव विविधता और जलवायु परिवर्तन से जुड़े सामान्य मुद्दे
  • सामान्य विज्ञान

उत्तर प्रदेश से जुड़े प्रश्न अलग खंड के रूप में नहीं, बल्कि इन्हीं विषयों के भीतर आते हैं — ख़ासकर इतिहास, भूगोल, राजव्यवस्था और योजनाओं में।

प्रश्नपत्र 2 (CSAT) का सिलेबस

  • बोधगम्यता (comprehension)
  • अंतर-वैयक्तिक कौशल और संप्रेषण कौशल
  • तार्किक कौशल और विश्लेषणात्मक क्षमता
  • निर्णय लेना और समस्या समाधान
  • सामान्य मानसिक योग्यता
  • प्रारंभिक गणित — कक्षा 10 स्तर तक (अंकगणित, बीजगणित, ज्यामिति, सांख्यिकी)
  • सामान्य अंग्रेज़ी — कक्षा 10 स्तर तक
  • सामान्य हिंदी — कक्षा 10 स्तर तक

CSAT सिर्फ़ अर्हक है, पर हर साल कुछ अभ्यर्थी इसी में अटक जाते हैं। 33% लाना मुश्किल नहीं, पर बिना अभ्यास के छोड़ देना महँगा पड़ता है।

मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार

मुख्य परीक्षा में आठ वर्णनात्मक प्रश्नपत्र होते हैं, कुल 1500 अंक:

  • सामान्य हिंदी — 150 अंक
  • निबंध — 150 अंक
  • सामान्य अध्ययन 1 से 4 — 200-200 अंक
  • सामान्य अध्ययन 5 और 6 (उत्तर प्रदेश विशेष) — 200-200 अंक

साक्षात्कार 100 अंकों का होता है। अंतिम मेरिट मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार के अंकों से बनती है।

ध्यान दीजिए — वैकल्पिक विषय (optional subject) अब नहीं है। वो 2023 से हटा दिया गया और उसकी जगह उत्तर प्रदेश पर केंद्रित दो प्रश्नपत्र आ गए। कई जगह अब भी पुराना ढाँचा लिखा मिलता है।

पात्रता

  • स्नातक किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से। कुछ पदों के लिए विशेष डिग्री ज़रूरी है — जैसे उप निबंधक के लिए LLB, पशुचिकित्सा अधिकारी के लिए B.V.Sc. & A.H.
  • अंतिम वर्ष के विद्यार्थी अनंतिम रूप से आवेदन कर सकते हैं
  • आयु — 1 जुलाई 2026 को 21 से 40 वर्ष
  • उत्तर प्रदेश के SC/ST/OBC, राज्य कर्मचारियों और कुशल खिलाड़ियों को 5 वर्ष तथा दिव्यांगजन को 15 वर्ष तक की छूट
  • प्रयासों की कोई सीमा नहीं — अधिकतम आयु तक जितनी बार चाहें दे सकते हैं

आरक्षण और आयु में छूट उत्तर प्रदेश के मूल निवासियों को ही मिलती है। बाहर के अभ्यर्थी अनारक्षित वर्ग में गिने जाते हैं।

तैयारी कैसे करें

  • प्रारंभिक में प्रश्नपत्र 1 ही सब कुछ है। CSAT को बस अर्हक अंक तक साधिए, उस पर महीनों मत लगाइए।
  • एक-तिहाई ऋणात्मक अंकन है। दो विकल्प कटने के बाद अनुमान लगाना फ़ायदे का सौदा है, अंधा तुक्का नहीं।
  • उत्तर प्रदेश से जुड़े तथ्य प्रारंभिक और मुख्य दोनों में काम आते हैं — मुख्य परीक्षा में तो दो पूरे प्रश्नपत्र इसी के हैं। इसे शुरू से साथ लेकर चलिए।
  • पिछले वर्षों के प्रश्नपत्र हल कीजिए, फिर पूरे प्रारूप का मॉक टेस्ट समय लगाकर दीजिए। 150 प्रश्न 120 मिनट में — गति अलग से बनानी पड़ती है।

अक्सर पूछे जाने वाले सवाल

प्रारंभिक परीक्षा कब है — 6 दिसम्बर 2026।

क्या CSAT के अंक मेरिट में जुड़ते हैं — नहीं, वो सिर्फ़ अर्हक है। 33% लाना ज़रूरी है।

क्या प्रारंभिक के अंक अंतिम चयन में जुड़ते हैं — नहीं। अंतिम मेरिट मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार से बनती है।

ऋणात्मक अंकन कितना है — उस प्रश्न के अंकों का एक-तिहाई।

कितनी बार परीक्षा दे सकते हैं — प्रयासों की कोई सीमा नहीं, बस आयु सीमा के भीतर।

क्या वैकल्पिक विषय चुनना होता है — नहीं, 2023 से वैकल्पिक विषय हटा दिया गया है।

UPPCS PRE 2026 की तैयारी अभी शुरू करें

मुफ़्त टेस्ट के लिए account चाहिए — OTP नहीं, एक मिनट से कम।

मुफ़्त टेस्ट दीजिए

UPPCS PRE 2026 Test Series

सभी देखें →
UPPCS PRE 2026Free demo

UPPCS PRE 2026

UPPCS प्रारंभिक परीक्षा 2026 की पूरी टेस्ट सीरीज़ — 25 फुल लेंथ टेस्ट, यानी 20 GS पेपर और 5 CSAT पेपर। परीक्षा के असली पैटर्न पर बने, और हर टेस्ट के साथ विस्तृत हल।

Tests
27 tests
Validity
180 days